हजारीबाग: जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए देशी पिस्टल, कट्टा और गोली के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर तुपुदाना रांची से गायब शराब की बड़ी खेप भी विभिन्न जगहों से बरामद की है।
दिनांक 11 नवंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली कि चौपारण-इटखोरी मुख्य सड़क पर तुपुदाना से गायब शराब लदे ट्रक के चालक की हत्या के अपराधकर्मी हथियार के साथ देखे गए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए गठित छापामारी दल और तुपुदाना पुलिस के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए महाराजगंज के पास वाहन चेकिंग शुरू की गई। चेकिंग के दौरान वैगनआर कार से दो अभियुक्तों को हथियार और गोली के साथ गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के निशानदेही और अपराध स्वीकारोक्ति के बयान पर चौपारण थाना कांड सं0-285/26 एवं धुर्वा थाना (तुपुदाना ओपी) कांड सं0-286/26 में गायब शराब की बरामदगी की गई। अभियुक्तों ने अपने अन्य सहयोगियों के साथ ट्रक ड्राइवर की हत्या कर शव को चौपारण थाना अंतर्गत ग्राम दैहर के कुएं में डालने की बात स्वीकार की है।
अभियुक्तों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार तथा शराब को ढोने में इस्तेमाल पिकअप एवं फॉर्च्यूनर वाहन को भी बरामद किया गया है। इस संबंध में चौपारण थाना में सुसंगत धाराओं के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।
यह सामान हुए जब्त
अभियान में देशी पिस्टल-01, देशी कट्टा-01, जिंदा कारतूस-20, मोबाइल फोन-02, वैगनआर JH15G-8202, फॉर्च्यूनर JH05AF-3676, पिकअप JH02BD-5662 के साथ ही मैकडॉवेल्स और रॉयल चैलेंज की कई बोतल शराब बरामद की गई है।
छापामारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बरही राधा प्रेम किशोर, थाना प्रभारी चौपारण पंकज कुमार, पु०अ०नि० दिव्य प्रकाश, कृष्ण कुमार गुप्ता, सुरेन्द्र कुमार, संतोष कुमार, हेमराज कुमार, स०अ०नि० बादल कुमार महतो एवं सशस्त्र बल चौपारण थाना शामिल थे।

