रांची: झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज स्थिर रहने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रही मौसमी हलचल के बावजूद राज्य में बारिश के आसार नहीं हैं। मौसम विभाग ने 12 से 18 नवंबर तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। हालांकि, समुद्र में बन रहे सिस्टम की गतिविधियों पर मौसम वैज्ञानिक लगातार नजर रख रहे हैं।

दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में अगले कुछ दिनों के दौरान मौसम का सिस्टम मजबूत हो सकता है। इसके 13 नवंबर के आसपास निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। 14 नवंबर तक इसके सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र में तब्दील होने और 15 नवंबर तक डिप्रेशन बनने का अनुमान है। इसके बाद सिस्टम के उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के 12 नवंबर के बुलेटिन के मुताबिक, मध्य अंडमान सागर और आसपास के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। यह समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है। इसी मौसमी गतिविधि के प्रभाव से बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव बनने की संभावना है।

तूफान बनने पर होगा अकवान नाम

इस सिस्टम के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना को लेकर भी चर्चा है। यदि यह अनुकूल परिस्थितियों में चक्रवाती तूफान का रूप लेता है तो इसे अकवान (Akvan) नाम दिया जाएगा। यह नाम ईरान ने प्रस्तावित किया है। फिलहाल इसे चक्रवाती तूफान घोषित नहीं किया गया है।

झारखंड में बढ़ेगा ठंड का अहसास

राज्य में फिलहाल बारिश या तेज हवाओं को लेकर कोई चेतावनी नहीं है। रांची समेत अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। नवंबर के दूसरे पखवाड़े में सुबह और रात के तापमान में गिरावट से ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बनने वाले हर निम्न दबाव का झारखंड पर सीधा असर नहीं पड़ता। इसका प्रभाव सिस्टम की ताकत, दिशा और गति पर निर्भर करेगा। आने वाले दिनों में इसकी स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही पूर्वी भारत के मौसम पर संभावित असर का आकलन किया जा सकेगा।