रामगढ़: जिला समाहरणालय के ब्लॉक-ए में बुधवार को जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ हुआ। जिसका उद्घाटन हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल ने किया। अवसर पर बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी, मांडू विधायक निर्मल महतो, उपायुक्त ऋतुराज सहित जिला स्तरीय वरीय पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम के उपरांत आधार सेवा केंद्र में आम नागरिकों को दी जाने वाली सेवाओं की शुरुआत भी की गई। इस दौरान तीन आवेदकों के आधार कार्ड में सुधार से संबंधित आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उनकी प्रक्रिया पूरी की गई। इसके उपरांत सांसद, विधायकों, उपायुक्त एवं अन्य अतिथियों द्वारा संबंधित आवेदकों को आधार सुधार की रसीद तत्काल उपलब्ध कराई गई।
अवसर प उपायुक्त ने आधार सेवा केंद्र के शुभारंभ को जिले के नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सुविधा बताते हुए कहा कि जिला मुख्यालय में इस प्रकार की सेवा उपलब्ध होने से आम लोगों को काफी सहूलियत होगी।
बताया जाता है कि जिला स्तरीय आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से अब जिले के आम नागरिकों को आधार कार्ड से संबंधित विभिन्न सेवाओं के लिए जिला मुख्यालय में ही सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। केंद्र का संचालन डाक विभाग द्वारा किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को आधार कार्ड में आवश्यक सुधार और अद्यतन से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

