जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन को सौंपा पत्र

रांची: बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने गुरुवार को सूबे के जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन से मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने पतरातू प्रखंड में सिंचाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने और लंबित योजनाओं को जल्द स्वीकृति देकर धरातल पर उतारने की मांग की। 

विधायक ने लपंगा ग्लास फैक्ट्री के समीप स्थित जलाशय से पानी लिफ्ट कर लपंगा दोहर क्षेत्र तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने,  बीचा पंचायत अंतर्गत भुकुर दाहा भेलवा नदी के पालू-बीचा सीमा पर चेकडैम का निर्माण कर जल संचयन और सिंचाई की समुचित व्यवस्था विकसित करने, पालू पंचायत के रोचाप ग्राम स्थित ऐतिहासिक बड़का बांध तालाब का गहरीकरण एवं सौंदर्यीकरण कर उसकी जलधारण क्षमता बढ़ाना तथा जलस्रोत का संरक्षण करने और पतरातू प्रखंड के विभिन्न जलस्रोतों का समुचित विकास एवं जीर्णोद्धार कर सिंचाई सुविधाओं का व्यापक विस्तार करने की मांग रखी। 

इसके साथ ही विधायक ने पतरातू प्रखंड की पाली पंचायत अंतर्गत निम्मी मौजा स्थित निम्मी झरना पर प्रस्तावित निम्मी जलाशय निर्माण योजना को विशेष प्राथमिकता देते हुए शीघ्र विभागीय और प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि निम्मी जलाशय परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह योजना पिछले कई वर्षों से विभागीय स्वीकृति की प्रतीक्षा में है। इसके निर्माण से हजारों एकड़ कृषि योग्य भूमि को सिंचाई की सुविधा मिलेगी। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि, किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।