डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, लिया संकल्प
रामगढ़: सयाल उत्तरी पंचायत के अंबेडकर भवन परिसर में गुरुवार को 77वां संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि सह झामुमो नेता सत्येंद्र यादव और संचालन खजांची राम ने की। अवसर पर सर्वप्रथम भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इस दौरान झामुमो नेता सत्येंद्र यादव ने कहा कि बाबा साहेब संविधान सभा के कार्यकारी अध्यक्ष थे। संविधान को बनाने में 2 वर्ष 11 माह 18 दिन का समय लगा। बाबा साहेब के बनाए संविधान से ही देश की व्यवस्थाएं चलाई जा रही हैं। हम सभी को संविधान में दिए गए नियमों के हिसाब से ही चलना पड़ता है। अगर कोई भी संविधान के निर्देशों की अवहेलना करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि हम संविधान द्वारा अपने अधिकारों की बात अक्सर करते हैं, लेकिन अपने कर्तव्यों का पालन करने से कतराते हैं। अगर प्रत्येक नागरिक अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी से करे, तभी हमारे अधिकार भी सुरक्षित रह सकते हैं। इसलिए हमें हर हाल में भारत की संपूर्ण प्रभुता, समाजवाद, धर्मनिरपेक्षता, लोकतंत्र और गणराज्य की गरिमा को बनाए रखने का प्रण लेना चाहिए।
उन्होंने सभी को संविधान का निष्ठा से पालन करने का आह्वान किया। साथ ही बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलने और उनके अधूरे सपनों को पूरा करने की बात कही।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से पूर्व जिला परिषद प्रतिनिधि वीरेंद्र पासवान, उप मुखिया विमलेश कुमार, सतीश मोहन मिश्रा, डॉ. मंजुल कुमार, राजेंद्र चौहान, प्रभु पासवान, पिंटू सिंह, सुचित राम, बिनोद कुमार, सुनील राम, संतोष पासवान, अर्जुन सिंह, संजय शर्मा, उपेंद्र राम, अमरनाथ पासवान, जुगल नायक, कमलेश सिन्हा, इंद्रदेव राम, शैलेंद्र कुमार, राजन पांडे, सनी कुमार, बबलू कुमार, अक्षय कुमार, सफीक अंसारी, दीनानाथ रजक आदि शामिल थे।

