युवाओं ने राष्ट्र निर्माण में योगदान का लिया संकल्प

हजारीबग: संविधान दिवस के अवसर पर हजारीबाग द्वारा जीएम इवनिंग कॉलेज में विकसित भारत युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को संविधान के मूल्यों, विकसित भारत @2047 के लक्ष्य तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक करना था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कॉलेज के प्राचार्य शंभू कुमार मेहता उपस्थित रहे। इस अवसर पर भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। साथ ही उपस्थित सभी युवाओं ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में यूथ आइकॉन अमन कुमार ने युवाओं को पीपीटी के माध्यम से विकसित भारत @2047 की परिकल्पना एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं, जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर ने युवाओं को MY Bharat के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों से अवगत कराया।

कॉलेज के प्राचार्य शंभू कुमार मेहता ने युवाओं को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के अलावा जिला युवा अधिकारी रुद्र शेखर, NSS के जिला नोडल पदाधिकारी डॉ. उमेश ठाकुर, राजनीति विज्ञान के शिक्षक रंजन कुमार, यूथ आइकॉन अमन कुमार, कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं मेरा युवा भारत के युवा स्वयंसेवक सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।