रांंची एयरपोर्ट पर फूल मालाओं से हुआ स्वागत
रांंची: उत्तराखंड के सियालक्यारा टनल हादसे के 17 दिनों बाद रेस्क्यू अभियान में सुरक्षित निकाले गए झारखंड के सभी 15 श्रमिक शुक्रवार की शाम झारखंड पहुंच गए। दिल्ली से इंडिगो एयरलाइंस पर शुक्रवार की रात तकरीबन आठ बजे मजदूर रांंची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे।
एयरपोर्ट पर उनका बुके, अंगवस्त्र और फूलमालाओं से स्वागत किया गया। स्वागत करनेवालों में राज्य के श्रममंत्री सत्यानंद भोक्ता, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, महुआ माजी, आदित्य साहू, सांसद संजय सेठ, बगोदर विधायक विनोद सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर शामिल रहे। सभी ने मजदूरों के सकुशल वापसी पर खुशी जताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी।
उत्तराखंड से झारखंड पहुंचे 15 मजदूरों में रांंची जिले के अनिल बेदिया, सुखराम बेदिया, राजेंद्र बेदिया, गिरीडीह जिले के सुबोध कुमार और विश्वजीत कुमार, खूंटी जिले के विजय होरो, चमरा उरांव, और गणपति खिदुआ, पूर्वी सिंहभूम से रविंद्र नायक, महादेव, समीर, टीकू सरदार, गुणोधर और रंजीत शामिल हैं। जबकि मजदूरों के 12 परिजन भी उनके साथ वापस आए हैं। जबकि एक अन्य मजदूर के दूसरी फ्लाइट में लौटने की जानकारी मिल रही है।
बताते चलें कि उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन टनल हादसे में 41 मजदूर फंस गए थे। 17 दिनों तक मजदूर टनल में फंसे रहे। बड़े रेस्क्यू अभियान के बाद सभी मजदूरों को सुरक्षित निकाल लिया गया। 41 मजदूरों में सर्वाधिक 15 मजदूर झारखंड के थे।