रामगढ़: पतरातू प्रखंड के कोड़ी गांव में बुधवार को स्वतंत्रता सेनानी शहीद जीतराम बेदिया का167 वां शहादत दिवस मनाया गया। अवसर पर कोड़ी बाजार स्थित शहीद जीतराम बेदिया की आदमकद प्रतिमा पर सर्वप्रथम पाहन रामचंद्र मुंडा ने पूजा-अर्चना कर पुष्प अर्पित किया। इसके साथ ही जिप सदस्य जयराम बेदिया, सांकी पंचायत मुखिया कोमिला देवी, बारीडीह मुखिया भुनेश्वर बेदिया, पंचायत समिति सदस्य कैलाश बेदिया सहित उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर तिलक लगाया और श्रद्धा सुमन अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद जीतराम बेदिया के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया।
इस दौरान जिप सदस्य जयराम बेदिया ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी शहीद शेख भिखारी और टिकैत उमराव सिंह की तरह ओरमांझी के गगारी गांव के जीतराम बेदिया ने भी देश के लिए अपने प्राणों की आहुति दी थी। लेकिन इतिहासकारों ने उन्हें गुमनाम रखा। सरकार ने भी लंबे अरसे तक कोई सुध नहीं ली। हालिया वर्षों में सरकार ने जीतराम बेदिया के बलिदान को सम्मान देते हुए उन्हें स्वतंत्रता सेनानी माना है। जयराम बेदिया ने कहा कि शहीद जीतराम बेदिया की याद में डीएमएफटी मद से कोड़ी में सामुदायिक भवन का निर्माण कराया जाएगा।
अवसर पर संजय बेदिया, अनिल बेदिया, मनोज बेदिया, रतन बेदिया, रामबृक्ष करमाली, विकास बेदिया, अशोक बेदिया, प्रेम बेदिया, गुलाब बेदिया, जुगेश बेदिया, सरहुल बेदिया, रतन बेदिया, टेकलाल ठाकुर, बबलू बेदिया, मीना देवी, बुधनी कुमारी, राहुल बेदिया, पिंटू बेदिया, मछंदर बेदिया, सहित अन्य लोग मौजूद रहे।