Garhwa gambling arrest

 

• अलग-अलग राज्यों के रहनेवाले हैं जुआरी 

• चार कार, चार मोटरसाइकिल जब्त 

गढ़वा: बीती रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर नगर उंटारी थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध जुआ अड्डे पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय यशोधरा के नेतृत्व में नगर उंटारी थाना प्रभारी उपेन्द्र कुमार और क्यूआरटी टीम ने संयुक्त रूप से छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने जुआ खेलते हुए आठ लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें सुंदर साह, प्रदीप कुमार विश्वकर्मा, शमशेर खां, बाबूजी शाह, पुष्पेंद्र वैश्य, दिलीप कुमार, रामनरेश और अखिलेश उपाध्याय शामिल हैं।

सभी गिरफ्तार अभियुक्त मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ के रहने वाले बताए जा रहे हैं। छापामारी के दौरान मौके से पुलिस ने दस लाख उनचास हजार पांच सौ रुपये नकद, चार चारपहिया वाहन, चार मोटरसाइकिल, सात एंड्रॉयड मोबाइल, एक कीपैड फोन, एक बैग, दरी और ताश के पत्ते बरामद किए हैं।

इस संबंध में नगर उंटारी थाना में कांड संख्या 184/26 दिनांक 08.09.2026 धारा 318(4)/112(2)/3(5) बीएनएस और 11 बंगाल सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।