रामगढ़: झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के निर्देशानुसार ‘मेरा शब्द, मेरी कहानी’ पठन अभियान के तहत मंगलवार को जिले के सरकारी विद्यालयों में रीड-ए-थॉन गतिविधि का आयोजन किया गया। विद्यालयों में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ शिक्षक, अभिभावक एवं समुदाय के सदस्यों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की। निर्धारित समय प्रातः 11 बजे से 11:30 बजे तक प्रतिभागियों ने बाल साहित्य की पुस्तकों का सामूहिक पठन किया। अभियान के तहत विद्यार्थियों को अपनी पसंद की पुस्तक चुनकर पढ़ने तथा पढ़ी गई कहानी अथवा विषय-वस्तु को अपने शब्दों में प्रस्तुत करने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। इससे उनमें नियमित पठन की आदत के साथ-साथ भाषा, संचार एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास होगा।

अभियान के संबंध में जिला शिक्षा अधीक्षक खुशबू कुमारी ने बताया कि जिले के कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी विद्यालयों को अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों का समयबद्ध,प्रभावी एवं सहभागितापूर्ण तरीके से संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा कि बच्चों में पढ़ने की आदत को उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि अभियान की सफलता के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समुदाय की सक्रिय सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है। इसके माध्यम से विद्यालयों में विकसित हो रही पठन संस्कृति को बच्चों के घर और समुदाय तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ‘मेरा शब्द, मेरी कहानी’ अभियान बच्चों को किताबों से जोड़ने के साथ उन्हें अपनी कल्पना को उड़ान देने, नई बातें सीखने और आत्मविश्वास के साथ अपनी बात रखने का अवसर प्रदान कर रहा है। यह पहल जिले में एक मजबूत और आनंदमय पठन संस्कृति विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।