एसडीपीओ अमित आनंद पहुंचे, घटना की जानकारी ली

अनुसंधान जारी, जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे अपराधी : एसडीपीओ 

गिद्दी (हजारीबाग): गिद्दी थाना क्षेत्र अंतर्गत सीसीएल की गिद्दी सी कोलियरी के चेक पोस्ट पर मंगलवार की रात अपराधियों ने चार राउंड फायरिंग की। मामले की सूचना पर पहुंची गिद्दी पुलिस जांच पड़ताल करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।

घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बीती रात तकरीबन 9:30 बजे काले रंग की बुलेट पर दो अपराधी चेक पोस्ट के पास पहुंचे और चेक पोस्ट पर एक के बाद एक चार राउंड फायरिंग की। इस दौरान चेकपोस्ट में तैनात दो सुरक्षा कर्मी जमीन पर लेट गए। गोलीबारी की घटना को अंजाम देकर अपराधी बुलेट पर गिद्दी की ओर भाग निकले। कुछ देर बाद सिक्योरिटी गार्ड राजीव प्रसाद ने सीसीएल के वरीय पदाधिकारी जितेंद्र कुमार और पीओ शकील अहमद को घटना की जानकारी दी। वहीं गोलीबारी की सूचना पर गिद्दी पुलिस छानबीन करते हुए अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास में जुट गई। 

इधर, बुधवार को बड़कागांव एसडीपीओ अमित आनंद सदलबल गिद्दी सी कोलियरी के चेक पोस्ट पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लेते हुए उन्होंने पीओ शकील अहमद और सुरक्षा पदाधिकारी से मामले की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मीडिया कर्मियों से कहा कि पुलिस पूरी गंभीरता से अनुसंधान में जुटी हुई है।  मामले का उद्भेदन जल्द कर लिया जायजा और अपराधी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।

खबर लिखे जाने तक पुलिस टीम जांच पड़ताल और अपराधियों के धरपकड़ के प्रयास में जुटी हुई है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। 

 

By Admin

error: Content is protected !!