रांची/हजारीबाग: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ी के मामले में सीआईडी की जांच तेज हो गई है। इसी क्रम में जांच एजेंसी ने हजारीबाग से शैलेश पासवान को गिरफ्तार किया है। उसे हिरासत में लेकर रांची लाया गया है जहां सीआईडी के अधिकारी उससे लगातार पूछताछ कर रहे हैं।
जांच से जुड़े सूत्रों के अनुसार शैलेश पासवान पर आरोप है कि वह परीक्षा में गड़बड़ी फैलाने वाले नेटवर्क के संपर्क में था। सीआईडी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि पेपर लीक और अभ्यर्थियों तक प्रश्न पहुंचाने की पूरी साजिश में उसकी वास्तविक भूमिका क्या रही है। इसके साथ ही उसके संपर्क में रहे लोगों और पूरे नेटवर्क की चेन को भी खंगाला जा रहा है।
सीआईडी अब इस मामले की तह तक जाने के लिए तकनीकी जांच पर ज्यादा जोर दे रही है। गिरफ्तार और नामजद आरोपियों के मोबाइल फोन के कॉल विवरण, बैंक खातों में हुए संदिग्ध लेन-देन और सफल हुए अभ्यर्थियों से उनके संबंधों की पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि अगर किसी चयनित अभ्यर्थी की संलिप्तता साबित होती है तो उसकी नियुक्ति पर भी असर पड़ सकता है।
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईडी का दायरा अब सिर्फ रांची तक सीमित नहीं रहा है। टीम पलामू, बोकारो, गिरिडीह और हजारीबाग समेत कई जिलों में सक्रिय है। इससे पहले पलामू और दिल्ली से भी इस मामले में गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। पूछताछ में सामने आने वाले नए तथ्यों के आधार पर आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है।
