रामगढ़: कांंग्रेस पार्टी झारखंड के सभी 14 लोकसभा सीटों पर इंडी गठबंधन प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित कराने में जुटेगी। दो से तीन दिनों में प्रत्याशियों की घोषणा कर दी जाएगी। जनता राज्य में हो रहे विकास कार्यों को देख रही है। 2024 के लोकसभा चुनाव में परिवर्तन जरूर देखने को मिलेगा। यह बातें झारखंड के संसदीय कार्य, ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य सह पंचायती राज विभाग मंत्री आलमगीर आलम ने गुरुवार को रामगढ़ में मीडिया से कही।
मंत्री आलमगीर आलम ने गुरुवार को थाना चौक स्थित चार्टर्ड अकाउंटेंट मोदस्सर अख्तर के एम. अख्तर एंड एसोसिएट्स कार्यालय का उद्घाटन किया। इस दौरान मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि झारखंड में अब विकास देखने को मिल रहा है। ग्रामीण विकास विभाग से कई काम हुए हैं जो लंबे अरसे से लंबित थे। वहीं कांग्रेस की सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना भी झारखंड में बेहद प्रभावी साबित हुई है। जिसका असर राज्य में दिख रहा है। योजना के तहत बीते 10 वर्षों में गांव की जनता का जीवनस्तर उपर उठा है, लोगों को बुनियादी सुविधाएं मिल रही है। उन्होंने कहा कि योजना से संबंधित भ्रष्टाचार के शिकायतों पर गंभीरति से पहल भी की गई है। कई मामलों में जांच और कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई है। कई सस्पेंड हुए हैं और कई लोगों को नौकरी भी गंवानी पड़ी है।
मौके पर गौ सेवा आयोग अध्यक्ष राजीव रंजन प्रसाद, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, वरीष्ठ कांग्रेसी नेता सीपी संतन, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बजरंग महतो, रामगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान, मुकेश महतो सहित कई मौजूद रहे।