रामगढ़: गुजरात के नाडियाड शहर में आयोजित 68वें नेशनल स्कूल गेम्स 2024-25 में झारखंड की तीरंदाज तमन्ना वर्मा ने गोल्ड मेडल जीता है। तीरंदाजी (Archery) के अंडर-17 बालिका वर्ग में तमन्ना ने रिकर्व फॉर्मेट में खेलते हुए पहला स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि के साथ 15 वर्षीय तमन्ना ने राष्ट्र पटल पर झारखंड सहित रामगढ़ जिले का परचम लहरा दिया है। इसी वर्ष  अक्टूबर माह में रांची के खेलगांव में आयोजित स्टेट लेवल स्कूल गेम्स में गोल्ड मेडल जीतकर तमन्ना ने नेशनल स्कूल गेम्स के लिए क्वालीफाई किया था। झारखंड से तीरंदाजी में कुल चार खिलाड़ियों का चयन नेशनल स्कूल गेम्स के लिए हुआ है। 

 इसी वर्ष अगस्त माह में तमन्ना वर्मा ने कोलकाता (पश्चिम बंगाल) में स्पोर्ट्स ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित इंटर साई आर्चरी टूर्नामेंट – 2024 में भी गोल्ड मेडल जीता था। इसके साथ ही तमन्ना ने तीरंदाजी के कई अन्य प्रतिस्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कई मेडल अपने नाम किया है। 

बताते चलें कि तमन्ना वर्मा चोरधरा पंचायत के लपंगा कॉलोनी निवासी शेखर वर्मा और रूबी वर्मा की पुत्री है। वह उच्च विद्यालय सौंदा ‘डी’ की 10वीं छात्रा है और वर्ष 2022 से बिरसा मुंडा आर्चरी एकेडमी, सिल्ली (झारखंड) में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही है।

बेटी की इस उपलब्धि पर पिता शेखर वर्मा ने दूरभाष पर बताया कि गुजरात में आयोजित 68वें नेशनल स्कूल गेम्स के दूसरे दिन तमन्ना ने यह जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि तमन्ना की उपलब्धि का पूरा श्रेय बिरसा मुंडा आर्चरी एकेडमी, सिल्ली को जाता है। जहां उसे बेहतर मार्गदर्शन, सहयोग और उत्कृष्ट प्रशिक्षण प्राप्त हो रहा है। 

By Admin

error: Content is protected !!