रांची: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय की पुरुष फुटबॉल टीम के चयन में 90 खिलाड़ियों के बीच मुकाबला हुआ। मंगलवार को परमश्री डॉ. रामदयाल मुंडा फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित ट्रायल के बाद 31 खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय की टीम में जगह मिली। चयनित खिलाड़ी अब विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

ट्रायल के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजीव मनोहर और खेल निदेशक डॉ. विनय भरत मौजूद रहे। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी ध्यान दिया जाएगा, ताकि वे अपनी क्षमता को निखारकर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

खेल निदेशक डॉ. विनय भरत ने कहा कि फुटबॉल में व्यक्तिगत कौशल के साथ अनुशासन, समर्पण और टीम भावना की अहम भूमिका होती है। चयनित खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास के जरिए आपसी तालमेल मजबूत करना होगा, जिससे मैदान पर टीम का प्रदर्शन बेहतर हो सके।

विश्वविद्यालय की पुरुष फुटबॉल टीम में तरस मुर्मू, विजय टोप्पो, कशिश मुंडा, प्रियांशु टोप्पो, रोहन मुंडा, विक्की उरांव, सुलेश मुंडा, पार्थिक पुरी, अर्जुन मिंज, मिहिर कुमार, निक्की उरांव, मनोहर उरांव, निखिल खलखो, साकिब अख्तर, अयुष, कालीचरण, विवेक, एरियल, ललू, रितिक मुंडा, अखिल, राज मैथ्यू बक्सला, राहुल उरांव, संदीप किस्पोट्टा, महेंद्र, सुनील सिंघ, जीवन होरो, बिपाशल मुंडा, मुनेश मुंडा, मंगरा उरांव और करन मुंडा का चयन किया गया है।

चयन समिति में मंगल मिंज, निशांत भेंगरा, रियाज अहमद, मुकुट एक्सेस, अमृत डांग और आकाश राउत शामिल थे। ट्रायल के सफल संचालन में विश्वविद्यालय के शारीरिक प्रशिक्षण प्रशिक्षक परमेश्वर महतो और प्रिया ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।