भुरकुंडा (रामगढ़): बासल थाना पुलिस ने प्रेमी जोड़े को डरा-धमकाकर बाइक छीनने के मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार बीते 10 जून की शाम तकरीबन 08:15 बजे भुरकुंडा से प्रेमी जोड़ा फोरलेन सड़क से पतरातू की ओर जा रहा था। इस दौरान प्रेमी जोड़े को देखकर भुरकुंडा निवासी मनोज कुमार और कुरसे निवासी कृष्णा कुमार तुरी ने पल्सर मोटरसाइकिल से पीछा करना शुरू कर दिया। इस क्रम में प्रेमी जोड़ा मुरकट्टी जाने के रास्ते पर मुड़ गया। रात करीब 8:30 बजे वे मुरकट्टी में डैम के पास पहुंचे। जहां पीछे से मनोज कुमार और कृष्णा कुमार पहुंच गए। जहां प्रेमी युवक से स्पलैंडर प्लस बाइक की चाबी छीन ली और युवती को उनके साथ गलत संबंध बनाने का दबाव डालते हुए डराने-धमकाने लगे। प्रेमी जोड़े ने इसका विरोध किया तो दोनों अभियुक्त उन्हें जबरन बाइक पर बिठाने लगे। इस बीच  युवक-युवती बाइक छोड़कर खेत की ओर भाग निकले और अंधेरा होने के कारण अभियुक्तों की पकड़ से बच गए। दोनों अभियुक्तों ने वापस लौटने के क्रम में युवक की स्पलैंडर प्लस बाइक को मदनाटाड़ जानेवाले कच्चे रास्ते से तकरीबन 20 मीटर दूर जंगल में छिपा दिया। 

घटना के संबंध में भुक्तभोगी द्वारा दिए गए आवेदन पर बासल थाना में मामला दर्ज कर तत्परता से जांच पड़ताल शुरू की गई। अनुसंधान के क्रम में सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर पुलिस ने जयप्रकाश नगर, भुरकुंडा निवासी मनोज कुमार (38 वर्ष) पिता स्व. जुगल ठाकुर और कुरसे बस्ती निवासी कृष्णा कुमार तुरी (30 वर्ष) पिता छटु तुरी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर छिनी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बीआर 25एफ-8899) और घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल (जेएच-24जी-8421) सहित दो हेलमेट और दो मोबाइल भी बरामद किया है। दोनों अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 

 

By Admin

error: Content is protected !!