सांसद मनीष जायसवाल और विधायक रोशन लाल चौधरी ने संयुक्त रूप से रखी नींव 

उच्च शिक्षा से बच्चों के स्वर्णिम भविष्य का मार्ग होगा प्रशस्त : मनीष जायसवाल

हजारीबाग: लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के लिए शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा। बड़कागांव पूर्वी क्षेत्र के हरली गांव में डिग्री कॉलेज के निर्माण को लेकर शुक्रवार को समारोहपूर्वक भूमिपूजन संपन्न हुआ। अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल और विशिष्ट अतिथि के रूप में बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोशन लाल चौधरी ने विधिवत् पूजा- अर्चना कर, नारियल फोड़कर, शिलापट्ट का अनावरण कर संयुक्त रूप से डिग्री कॉलेज का नींव रखी ।

बताया जाता है कि यह डिग्री कॉलेज विनोबा भावे विश्वविद्यालय, हजारीबाग के अंतर्गत संचालित होगा। करीब 26 करोड़ रुपये की लागत से यह कॉलेज 4.07 एकड़ भूखंड पर निर्मित किया जाएगा। निर्माण का जिम्मा भवन निर्माण निगम लिमिटेड को सौंपा गया है, जिसे अगले 21 महीने में कार्य पूर्ण करना है। कॉलेज परिसर में जी+2 (ग्राउंड प्लस टू) का एकेडमिक भवन, एसआरसी भवन, एक विशाल खेल मैदान, और अन्य सभी आवश्यक आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इस अत्याधुनिक भवन में एक साथ करीब 2000 से अधिक विद्यार्थियों के बैठकर पढ़ाई करने की क्षमता होगी।

मौके पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि पहले यहां के छात्र-छात्राओं को स्नातक की पढ़ाई के लिए हजारीबाग, रामगढ़ या रांची जैसे बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता था। लेकिन अब जल्द ही उन्हें उनके गृह क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध होगी। डिग्री कॉलेज क्षेत्र के युवाओं के स्वर्णिम भविष्य का मार्ग प्रशस्त करेगा‌ 

वहीं बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि शिक्षा से ही समाज में बदलाव और विकास संभव है। भविष्य में यहां तकनीकी शिक्षा के संस्थान भी स्थापित हों, इसके लिए प्रयास किया जाएगा।

मौके पर शिक्षाविद् महेंद्र नाथ पांडेय, हरली पंचायत की मुखिया कविता देवी, पंचायत समिति सदस्य कौशल्या देवी, लोकसभा सांसद प्रतिनिधि सत्येंद्र नारायण सिंह, बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, पूर्व मुखिया सह बड़कागांव पूर्वी सांसद प्रतिनिधि महेंद्र महतो, पूर्व मुखिया बिगेश्वर महतो, भाजपा पूर्वी मंडल अध्यक्ष खेमलाल महतो, पश्चिमी भाजपा मंडल अध्यक्ष आदित्य साहू सोनी, भाजपा नेता जुगनू सिंह, अनिल मिश्रा, जयनारायण मेहता, उपेंद्र प्रसाद, बेचन साव, सबूर महतो, सुमन गिरी, भीखन महतो, राजकिशोर साव, विनोद महतो, पारस नाथ महतो, किशोर राणा, सोहन लाल मेहता, मनीष पाण्डेय, प्रमोद साव, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहें ।

By Admin

error: Content is protected !!