रामगढ़: जिले में विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण और अपराध नियंत्रण के मद्देनजर रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बड़ी पहल की है। एसपी ने थाना प्रभारियों को प्रतिदिन बैठक कर “टास्क ऑफ द डे” निर्धारित करने का निर्देश दिया है। इसकी शुरुआत रामगढ़ एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू और पतरातू थाना में पदस्थापित पुलिस अधिकारियों के साथ गुरुवार को बैठक कर की।

बताया जाता है कि निर्दश के आलोक में सभी थाना प्रभारी अपने थाना में पदस्थापित सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मियों के साथ प्रतिदिन बैठक करेंगे। जिसमेंआवश्यकतानुसार विविध कार्यों का विभाजन और निर्धारण करते हुए “टास्क ऑफ द डे” तय करेंगे। इसके साथ ही तैयार किए गए निर्धारित प्रपत्र में “टास्क ऑफ द डे” के तहत कार्यों का अभिलेखन भी करेंगे और अगले दिन की बैठक में इसकी समीक्षा भी करेंगे।
वहीं अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी और पुलिस निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्राधिकार के थानों में प्रत्येक सप्ताह में कम से कम एक बार किसी एक थाना की दैनिक बैठक का संचालन करते हुए थाना प्रभारी और अन्य पदस्थ पदाधिकारियों के प्रदर्शन की समीक्षा करेंगे। किसी भी पदाधिकारी द्वारा गैर-अनुपालन और लापरवाही बरते जाने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी के विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
