140 करोड़ भारतवासियों को एक दूसरे से जोड़ता है संविधान : बिनोद कुमार
रामगढ़: सीसीएल बरका-सयाल महाप्रबंधक कार्यालय में संविधान दिवस को बड़े हर्षोउल्लास से रविवार को मनाया गया। सर्वप्रथम सीसीएल बरका-सयाल महाप्रबंधक संचालन बिनोद कुमार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। इसके उपरांत महाप्रबंधक ऑपरेशन बिनोद कुमार ने भारत के संविधान से संबंधित जानकारी साझा की। वहीं भारत का संविधान उद्देशिका को पढ़ा गया। जिसे मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने दोहराया।
मौके पर सीसीएल बरका-सयाल महाप्रबंधक ऑपरेशन बिनोद कुमार ने कहा कि देश में हर साल 26 नवंबर का दिन संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 26 नवंबर 1949 को देश की संविधान सभा ने मौजूदा संविधान को अपनाया था, इसलिए इसी दिन की याद में हर साल देश में संविधान दिवस मनाया जाता है। यह संविधान ही है जो अलग- अलग धर्मों व जातियों की भारत की 140 करोड़ की आबादी को एक देश की तरह जोड़ता है।
उन्होंने कहा कि इसी संविधान के तहत हमारे देश के सभी कानून बनते हैं। इस संविधान के तहत सुप्रीम कोर्ट, हाईकोर्ट समेत देश की सभी अदालतें, संसद, राज्यों के विधानमंडल, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री समेत सभी इसी के तहत काम करते हैं और इसी के तहत हम सभी को अधिकार भी मिलते हैं। जिससे हम सभी पूरी स्वतंत्रता और समानता के साथ जीवन जी सकें।
मौके पर मुख्य रूप से महाप्रबंधक संचालन बिनोद कुमार, एसओ ईएंडएम अमरेंद्र कुमार, एसओपी अजय कुमार, क्षेत्रीय वित्त प्रबंधक देवव्रत गुप्ता, क्षेत्रीय सुरक्षा पदाधिकारी एन के सिंह, प्रवीण कुमार सहारे, आर के प्रधान, यूनियन प्रतिनिधियों में देवेन्द्र सिंह, वासुदेव साव, इन्द्र देव राम, अशोक गुप्ता, कृष्णा सोरेन, हरिनाथ महतो, गणेश राम, संजय शर्मा, अर्जुन सिंह सहित जेसीएससी सदस्य, सीसीएल कल्याण समिति सदस्य, सीसीएल सुरक्षा समिति सदस्य, क्षेत्रीय सलाहकार समिति सदस्य, क्षेत्रीय कल्याण समिति सदस्य, क्षेत्रीय सुरक्षा समिति सदस्य सहित कई अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।