राज्य सरकार की सही नीतियों पर करेंगे सहयोग: दीपांकर भट्टाचार्य
रांची: भाजपा की झूठ और नफरत की राजनीति के खिलाफ झारखंड की जनता ने एकजुट होकर करारा जवाब दिया है। निर्णायक बहुमत देकर जनता ने इंडिया गठबंधन की सरकार बनाई है। हमें उम्मीद है कि इंडिया गठबंधन ने झारखंड की जनता से जो भी वादे किए हैं, वह जरूर पूरे किए जाएंगे। यह बातें भाकपा-माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने शनिवार को राज्य कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कही। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में राज्य सचिव मनोज भक्त भी उपस्थित थे।
दीपांकर भट्टाचार्य ने कहा कि झारखंड सरकार में भाकपा-माले शामिल नहीं रहेगी। हमारे विधायक विधानसभा के अंदर और बाहर जन मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे। हम सही मुद्दों पर राज्य सरकार का सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद हमारी पार्टी ने धनबाद से दो सीटें जीती हैं। इस बार बगोदर और धनवार में हार का सामना करना पड़ा है। विनोद सिंह एवं राजकुमार यादव की कमी झारखंड को खलेगी। लेकिन उनके अनुभवों और पार्टी की सांगठनिक शैली का लाभ आगे भी उठाया जाएगा। हम झारखंड के हक और न्याय के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करते रहेंगे।
आगे उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रभाव छोटानागपुर और पलामू प्रमंडल के साथ-साथ झारखंड के बड़े शहरों में भी बना हुआ है। इसलिए, नफरत और झूठ के प्रचार को कमजोर करना और समाज में एकता बनाए रखना हमारी प्राथमिकता होगी। भाजपा को वैचारिक रूप से भी पीछे धकेलने की जरूरत है, हमारी पार्टी इस दिशा में लगातार प्रयासरत रहेगी।