DAV public school Urimari teachers day

उरीमारी (हजारीबाग ): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में शनिवार को शिक्षक दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138वीं जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने अपने गुरुओं के प्रति सम्मान व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान एवं सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा भारत के महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और शिक्षकों के तिलक-वंदन के साथ हुई।

छात्र-छात्राओं ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

अवसर पर कक्षा 8वीं की छात्राओं ने स्वागत गीत से शिक्षकों का अभिनंदन किया। कक्षा 10वीं के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत शायरी, केक कटिंग, स्वागत नृत्य, एकल गीत और लघु नाटिका ने खूब समां बांधा। गुरु-शिष्य संबंध पर आधारित लघु नाटिका ने सभी का दिल जीत लिया। कक्षा 9वीं के छात्र अस्मित ने मधुर एकल गीत प्रस्तुत किया, तो वहीं कक्षा 12वीं की ईशानिका हर्षिता ने फनी प्रश्नोत्तरी से माहौल को खुशनुमा बना दिया। वहीं कक्षा 9वीं की छात्रा सुदीक्षा ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डाला। 

शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता: प्राचार्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के भविष्य के निर्माता होते हैं। शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान नहीं देते, बल्कि संस्कार, चरित्र और भविष्य को दिशा देते हैं। उन्होंने कहा कि संस्था का मूल मंत्र “ज्ञान, कर्म और भक्ति का संगम” है, जिसे शिक्षक आत्मसात कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में योगदान दे रहे हैं।

शिक्षकों के लिए मनोरंजक खेलों का आयोजन

छात्रों ने शिक्षकों के मनोरंजन के लिए डमशरास, कप क्रॉसिंग, चेयर गेम, बॉम्बार्डिंग गेम और रैंप वॉक जैसे मजेदार खेलों का आयोजन किया, जिसमें शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा 12वीं के छात्रों ने पठन-पाठन और संचालन में सहयोग किया और अंत में शिक्षकों के बीच उपहार वितरण किया गया। मंच संचालन कक्षा 11वीं की साइमा फातिमा एवं सुमन ने किया। अनुशासन व्यवस्था में हेड गर्ल अन्वेषा आनंद, तनुषा सहित कक्षा 12वीं के छात्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ के साथ हुआ।