गिद्दी (हजारीबाग): सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, गिद्दी बस्ती (टेहराटांड़) में शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति और महान शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पण से हुआ। इस अवसर पर विद्यालय की बहनों ने भक्ति और देशभक्ति से ओत-प्रोत सुमधुर गीत प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के आचार्य अरविंद कुमार मिश्रा ने डॉ. राधाकृष्णन के जीवन, आदर्शों और उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मिश्रा  ने कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र निर्माण की नींव हैं और डॉ. राधाकृष्णन का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।

राधा-कृष्ण के रूप में नन्हे बच्चों ने मोहा मन

शिक्षक दिवस के साथ श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में विद्यालय में कक्षा नर्सरी से द्वितीय तक के भैया-बहनों के लिए ‘राधा-कृष्ण रूप सजाओ’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। नन्हे-मुन्ने बच्चे राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा में सज-धज कर पहुंचे, जिसने उपस्थित आचार्यों, अभिभावकों और अतिथियों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त आचार्य, दीदी जी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।