धनबाद: पुलिस उप महानिरीक्षक (बोकारो प्रक्षेत्र) सुरेन्द्र कुमार झा ने वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ बुधवार को धनबाद व्यवहार न्यायालय परिसर से संबंधित सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस उप महानिरीक्षक के नेतृत्व में वरीय पुलिस पदाधिकारियों की टीम बुधवार को धनबाद व्यवहार न्यायालय पहुंची जहां सुरक्षा व्यवस्था का ऑडिट किया गया। टीम में शामिल पुलिस पदाधिकारियो ने न्यायालय परिसर, कोर्ट हाजत, कोर्ट परिसर से जेल की ओर जाने वाली सड़क, न्यायालय परिसर की इंट्री व निकासी गेट, चहारदीवारी की ऊंचाई आदि का निरीक्षण किया।

इस दौरान वहां सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों के साथ साथ मेटल डिटेक्टर, सीसीटीवी, वाहन जांच, आगंतुकों की तलाशी संबंधित व्यवस्था की गहनता से जांच की गई। डीआईजी महोदय ने सुरक्षा के मद्देनज़र प्रतिदिन कोर्ट परिसर में आने वाले वाहनों के लिए पास निर्गत करने का निर्देश भी दिया।

इस दौरान परिसर में तैनात पुलिस पदाधिकारियों को सुरक्षा से जुड़े कई आवश्यक दिशानिर्देश भी दिए गए, खासकर मंडल कारा से पेशी के लिए कोर्ट लाए जाने तथा पेशी के बाद मंडल कारा वापस पहुंचाने के दौरान बंदियों पर विशेष नजर रखने और बंदियों से मिलने वाले मुलाकातियों पर पैनी निगाह रखने को कहा गया।

डीआईजी  के नेतृत्व में जांच टीम ने सुरक्षा से जुड़े तमाम बिंदुओं पर गहराई से पड़ताल की। व्यवहार न्यायालय परिसर की सुरक्षा से जुड़े मसलों पर समेकित ऑडिट रिपोर्ट जल्द तैयार कर वरीय पदाधिकारियों को सौंपी जाएगी।

न्यायालय परिसर की सुरक्षा ऑडिट करने पहुंची टीम में वरीय पुलिस अधीक्षक श्री ह्रदीप पी जनार्दनन, पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था ) श्री दीपक कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय 1) श्री शंकर कामती शामिल थे।

 

By Admin

error: Content is protected !!