रांची: दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। राष्ट्रपति भवन में मंगलवार को आयोजित नागरिक अलंकरण के द्वितीय समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2026 के लिए पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री पुरस्कार प्रदान किए। कार्यक्रम में देश के उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री सहित कई केंद्रीय मंत्री शामिल रहे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्व. शिबू सोरेन की पत्नी रूपी सोरेन को सम्मान प्रदान किया। दिशोम गुरु को यह सम्मान आदिवासी अधिकारों, सामाजिक न्याय, लोकतांत्रिक संगठनों, भूमि, वन और आजीविका की रक्षा के लिए चिरस्थाई आवाज बनने के लिए दिया गया है।
पद्म भूषण सम्मान पर स्वर्गीय शिबू सोरेन के पुत्र सह सूबे के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा है कि यह सम्मान केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि उन संघर्षों, मूल्यों और सपनों का सम्मान है, जिनके लिए विराट वृक्ष रूपी दिशोम गुरुजी जीवनभर अडिग होकर खड़े रहे। मैं स्मृति शेष दिशोम गुरुजी को यह सम्मान प्रदान किए जाने के लिए आदरणीय राष्ट्रपति और केंद्र सरकार के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं।
