रामगढ़: आगामी मुहर्रम पर्व के मद्देनजर टाउन हॉल में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त ऋतुराज ने की। बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत सहित जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन के पदाधिकारी, विभिन्न धार्मिक- सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने उपस्थित सभी सदस्यों से मुहर्रम पर्व के आयोजन को लेकर सुझाव प्राप्त किए। साथ ही प्रशासन द्वारा की जा रही तैयारियों की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि रामगढ़ जिला आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सांप्रदायिक सद्भाव की मिसाल रहा है। इस परंपरा को बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी शांति समिति सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। उपायुक्त ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मोहर्रम पर्व के मद्देनजर सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां विशेष निगरानी की व्यवस्था की गई है। जुलूस मार्गों का सत्यापन किया जा रहा है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कहा कि पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त किए जाएंगे। उन्होंने सभी समिति सदस्यों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा भड़काऊ सामग्री की सूचना तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को देने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं से बचें तथा सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। बैठक के दौरान शांति समिति के सदस्यों द्वारा जुलूस मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं से संबंधित सुझाव दिए गए। उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर किसी प्रकार के भी अफवाह से सावधान रहने की अपील की गई वहीं किसी प्रकार की अफवाह सामने आने पर त्वरित इसकी जानकारी नजदीकी प्रशासन को देने की अपील की गई।
उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से सहयोग और आपसी सद्भाव बनाए रखने की अपील की।
