रांची: झारखंड सरकार में पूर्व मंत्री रहे स्व. समरेश सिंह की पुत्रवधु डॉ. परिंदा सिंह गुरूवार को भाजपा में शामिल हुईं।भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित मिलन समारोह में डॉ. परिंदा सिंह ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा विधायक दल के नेता अमर कुमार बाउरी, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्रनाथ त्रिपाठी ने भाजपा में उनका स्वागत किया। प्रदेश महामंत्री सह मुख्यालय प्रभारी डॉ, प्रदीप वर्मा ने डॉ. परिंदा सिंह और उनके समर्थकों को ऑनलाइन सदस्यता ग्रहण कराई।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्रनाथ त्रिपाठी ने सभी को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा एक परिवार की पार्टी नहीं बल्कि पारिवारिक सोच की पार्टी है। कहा कि स्व समरेश सिंह का पार्टी से पुराना नाता रहा। आज डॉ.परिंदा सिंह को पार्टी में लौटने से जितनी खुशी है, उतनी ही खुशी भाजपा संगठन को भी है।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत,स्वाभिमानी भारत बनाने केलिए देश की जनता तीसरी बार मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने केलिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि एक भारत , श्रेष्ठ भारत के निर्माण में सबका साथ, सबका प्रयास जरूरी है।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी ने कहा कि स्व समरेश सिंह के प्रति पूरा झारखंड कृतज्ञ है। अलग झारखंड राज्य के निर्माण में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। डॉ. परिंदा सिंह का भाजपा में शामिल होना हर्ष का विषय है।
भाजपा की सदस्यता लेने के उपरांत डॉ. परिंदा सिंह ने भाजपा केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि आज एक दल में नही बल्कि परिवार में लौटी हूं। जहां बाबूजी(स्व समरेश सिंह) के सपनों को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोडूंगी।
मौके पर पार्टी के पूर्व विधान पार्षद प्रवीण सिंह, प्रदेश कार्यालय मंत्री हेमंत दास, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।