रांची: चतरा जिले में एक एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। जिसमें सात लोगों की दर्दनाक मौत होने की जानकारी मिल रही है। विमान सोमवार की देर शाम रांची से दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। विमान पर दो क्रू मेंबर समेत सात लोग सवार थे। खराब मौसम से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हताहतों के संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
मिली जानकारी के अनुसार रेड बर्ड एयरवेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के एयर एंबुलेंस पर चंदवा निवासी संजय कुमार को इलाज के लिए एम्स, दिल्ली ले जाया जा रहा था। विमान पर उनकी पत्नी अर्चना देवी, भांजा ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार, पारामेडिक स्टाफ संजीव कुमार समेत दो पायलट कप्तान विवेक विकास भगत और स्वराज दीप सिंह सवार थे।
रांची से दिल्ली के लिए सोमवार की शाम तकरीबन सात बजे विमान ने उड़ान भरी। किसी तकनीकी खराबी के कारण चतरा के कसारी गांव के निकट करमटांड़ जगंल में विमान क्रैश हो गया। ग्रामीणों ने प्लेन को असंतुलित होकर गिरता देखा। जिसकी सूचना पर जिला पुलिस प्रशासन और एसएसबी 35वीं बटालियन के जवानों ने सड़क से चार किलोमीटर दूर घने जंगल में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। काफी मशक्कत के बाद विमान के मलबे से शवों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
बताया जाता है कि लातेहार के बकोरिया निवासी संतोष कुमार दुकान में आग लगने के कारण गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें इलाज के लिए रांची के देवकमल अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी स्थिति बिगड़ने पर एयर एंबुलेंस पर दिल्ली ले जाया जा रहा था। इधर, हादसे की वजह साफ नहीं हो सकी है। दुर्घटना की जांच पड़ताल जारी है।
