Car after burn

 

भुरकुंडा (रामगढ़): भुरकुंडा ओपी क्षेत्र अंतर्गत सौंदा ‘डी’ पंचायत में शनिवार की देर रात एक घर के बाहर खड़ी ऑल्टो कार में अचानक आग लग गई। इस दौरान मुहल्ले में अफरातफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के प्रयास में आग पर काबू पाया गया। वहीं रविवार को मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। 

मिली जानकारी के अनुसार सौंदा  रामनगर निवासी अजय कुमार ने अपनी लाल रंग की ऑल्टो K10 कार (नंबर JH 24E 4420) को घर के बाहर खड़ा किया था। देर रात करीब दो बजे उनके पड़ोसी जवाहिर साव शौच के लिए उठे। इसी दौरान उन्होंने ढंकी हुई कार से धुआं निकलते देखा। उन्होंने आसपास के लोगों को जगाया। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था।

घटना की सूचना तत्काल भुरकुंडा ओपी पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। कार की स्थिति को देखकर प्रारंभिक तौर पर तकनीकी गड़बड़ी से शॉर्ट सर्किट का अनुमान लगाया जा रहा है। वहीं भुक्तभोगी वाहन मालिक ने भी ओपी में दिए आवेदन में शॉर्ट सर्किट की संभावना जताई है।