रांची: धुर्वा थाना पुलिस ने स्मार्ट सिटी के पास छापेमारी कर ब्राउन शुगर की बड़ी खेप के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 4000 पुड़िया में कुल 338.96 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार एसएसपी राकेश रंजन को सूचना मिली थी कि सीएनजी पंप के पास नशे की खरीद-बिक्री हो रही है। सूचना के बाद हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम ने 11 अक्टूबर को मौके पर दबिश दी तो 5-6 युवक भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर चार को पकड़ लिया। तलाशी में पुलिस ने 4000 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की, जिसका कुल वजन 338.96 ग्राम है। इसके अलावा 4 मोबाइल, 9100 रुपये नकद, दो बाइक और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभिषेक तिवारी, शुभम कुमार उर्फ राजा, अंकित तिवारी और रितिक राज के रूप में हुई है। अभिषेक, शुभम और अंकित वर्तमान में जगन्नाथपुर के एकता नगर में रहते हैं, लेकिन तीनों का स्थायी घर बिहार के सिवान जिले के भगवानपुर हाट के अरुवां गांव में है। चौथा आरोपी रितिक राज धुर्वा के सिठियो रोड, पटेल कॉलोनी का रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अंकित तिवारी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसपर तिलैया, डोरंडा और पुंदाग थाने में लूट, धोखाधड़ी और आर्म्स एक्ट के तीन मामले पहले से दर्ज हैं। पुलिस ब्राउन शुगर की तस्करी के इस नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।