चालक हाइवा छोड़कर फरार, पुलिस ने किया जब्त 

भुरकुंडा (रामगढ़): भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़-पतरातू मुख्य मार्ग पर रेलवे साइडिंग के निकट सोमवार की शाम तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान सयाल के प्रवल सिंघा और सूरज कुमार के रूप में हुई।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक (JH 01N 6070) पर रामगढ़ से भुरकुंडा की ओर आ रहे थे। इस क्रम में भुरकुंडा गुड्स शेड के निकट तेज रफ्तार हाइवा (JH 02BJ 1429) ने बाइक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक बाइक समेत कीचड़युक्त सड़क पर दूर जा गिरे। इस दौरान हाइवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और आवागमन बाधित हो गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही भदानीनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को एंबुलेंस से रामगढ़ सदर अस्पताल भिजवाया। पुलिस दुर्घटनाग्रस्त हाइवा को जब्त कर ओपी थाना ले आई है।

बताया जाता है कि दुर्घटना में प्रवल सिंघा के बाएं पैर में फ्रैक्चर हो गया। जबकि सूरज कुमार के सिर और शरीर में अंदरूनी चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल करते हुए अग्रेत्तर कार्रवाई में जुट गई है।