महुआडांड़ (लातेहार): लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग समेत कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए दो बालिग आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है, जबकि तीन नाबालिगों को बाल सुधार गृह भेजा गया है। पकड़े गए बालिग आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय आसित तिर्की (पिता निर्मल तिर्की) और 19 वर्षीय रेमिश तिर्की (पिता–हेमराम तिर्की) के रूप में हुई है। सभी आरोपी महुआडांड़ थाना क्षेत्र के लोध गांव के रहने वाले बताए जाते हैं।

इस संबंध में महुआडांड़ थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महुआडांड़ एसडीपीओ शिव पूजन बहेलिया और इंस्पेक्टर पीर मोहम्मद के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। टीम ने छापेमारी अभियान चलाकर सभी पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार घटना 27 फरवरी 2026 की रात की है। थाना क्षेत्र के चिरोपाठ गांव में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान पांचों युवक वहां पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने नाबालिग युवती को जबरन उठाकर पास की पहाड़ी और जंगल की ओर ले जाकर बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता की मां के आवेदन पर महुआडांड़ थाना कांड संख्या 07/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पोक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।पीड़िता को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल लातेहार भेज दिया गया है। इस छापेमारी अभियान में थाना प्रभारी के साथ पुलिस अवर निरीक्षक अरविंद हेरेंज, इंद्रदेव रजवार, बंधन तिर्की समेत अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।

By Admin

error: Content is protected !!