गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन का लिया जायजा
धनबाद: पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने शनिवार को गया-कोडरमा-हजारीबाग टाउन-अरगडा-पतरातू-गढ़वा रोड रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने रेलखंड के विभिन्न स्टेशनों, पुल-पुलियों, ओएचई प्रणाली, पथ-रचना, ट्रैक की संरक्षा और मजबूती का अवलोकन किया। इस क्रम में महाप्रबंधक ने गया-कोडरमा के मध्य ग्रैंड कॉर्ड (जीसी) लाइन के गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन के मध्य टनल संख्या एक का विशेष रूप से गहन निरीक्षण किया गया। इस घाट सेक्शन में बीओबीआर रेक के परिचालन प्रारंभ करने के उद्देश्य से इस टनल का रीडिजाइन और डाइमेंशन बढ़ाने का चुनौतीपूर्ण कार्य किया जा रहा है ।
बताया जाता है कि पिछले महीने महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह द्वारा गुरपा-गझंडी घाट सेक्शन में डाउन लाइन में खाली बीओबीआर रेक के परिचालन के ट्रायल का निरीक्षण किया गया था । अब इस सेक्शन के अप लाइन में बीओबीआर रेक के परिचालन के उद्देश्य से इस टनल के डाइमेंशन बढ़ाने के कार्य चल रहा है। गुरूपा-गझंडी घाट सेक्शन में बीओबीआर रेक ऑपरेशन शुरू करने से बाढ़, बरौनी एनटीपीसी प्लांट्स के लिए वैगन टर्नराउंड में सुधार होगा । इससे वैगन टर्न राउंड में काफी कमी आएगी और रेक की उपलब्धता बढ़ जाने से ज्यादा लोडिंग संभव हो पाएगा ।
निरीक्षण में धनबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र तथा मुख्यालय एवं मंडल के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे ।
