अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य समेटे नजारे कर देते हैं तरोताज़ा! 

रिपोर्ट- मिथलेश कुमार (केरेडारी)

हजारीबाग: केरेडारी प्रखंड के खूबसूरत पर्यटन स्थल नववर्ष पर पर्यटकों के स्वागत को तैयार हैं। अनुपम प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली समेटे पर्यटन स्थल न सिर्फ आकर्षित करते हैं, बल्कि आपको तरोताज़ा भी कर जाते हैं। नववर्ष की शुरूआत के लिए केरेडारी का प्रसिद्ध घाघरा जलप्रपात यहां के लोगों की पहली पसंद माना जाता है। नये साल का जश्न मनाने दूर-दराज भी लोग घाघरा जल प्रपात पहुंचते हैं।

हजारीबाग जिले के केरेडारी प्रखंड मुख्यालय से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित हेवई पंचायत में घाघरा डैम प्रकृति द्वारा प्रदत किसी उपहार से कम नहीं है। चारो ओर पहाड़ और मनोरम हरियाली के बीच कल-कल बहता पानी, माहौल को रूमानी बना देता है। यहां 70 फीट की उंचाई से झरना गिरता है। जिसका पानी घाघरा डैम में संग्रहित किया जाता है।

वहीं घाघरा जलप्रपात पहाड़ में एक छोटा गुफा भी है। जहां स्थानीय लोग बाबा भोलेनाथ की पूजा अर्चना भी करते हैं। बताया जाता है कि यहां पूजा-अर्चना की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। घाघरा जलप्रपात की खूबसूरती वाकई मनमोहक है, लेकिन यहां बुनियादी सुविधाओं की कमी भी देखी जाती है। पर्यटन के लिहाज से क्षेत्र को अबतक विकसित नहीं किया जा सका है। 

By Admin

error: Content is protected !!