सोहराय पर्व मेहनतकश जीवन और सामूहिकता की भावना का उत्सव है : प्रदीप प्रसाद
हजारीबाग: सदर विधानसभा क्षेत्र के कटकमदाग प्रखंड अंतर्गत जमुआरी में आदिवासी सोहराय जतरा मेले का आयोजन किया गया। अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि हजारीबाग सदर विधायक प्रदीप प्रसाद ने मेले का उद्घाटन किया। मेले में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि आदिवासी सोहराय जतरा मेला केवल एक सांस्कृतिक उत्सव नहीं, बल्कि यह झारखंड की आत्मा, अस्मिता और लोकजीवन का जीवंत उत्सव है। यहाँ ढोल-मांदर की थाप, जनजातीय नृत्य की लय, लोकगीतों की मिठास और पारंपरिक परिधानों की शोभा हमारे झारखंड की पहचान को और प्रखर बनाती है।
विधायक ने कहा कि झारखंड की संस्कृति परिश्रम, प्रकृति और परंपरा पर आधारित है। यहाँ की मिट्टी में मेहनत की खुशबू और लोकजीवन में अपनत्व की मिठास बसती है। सोहराय पर्व केवल पशुधन का पर्व नहीं, बल्कि कृषि, मेहनतकश जीवन और सामूहिकता की भावना का उत्सव है, जो हमें अपनी जड़ों की ओर लौटने और अपने समाज की एकता को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है। झारखंड की समृद्ध कला, संस्कृति और धरोहर हमारी असली पूँजी है। इसे संजोना, संरक्षित रखना और नई पीढ़ी तक गर्व के साथ पहुँचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। जब तक हमारी संस्कृति जीवित है, हमारी पहचान और अस्तित्व भी सुरक्षित है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और ग्रामीण युवाओं की भूमिका की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजन न केवल समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं, बल्कि झारखंड की विविध लोक परंपराओं को संरक्षित और प्रसारित करने का एक प्रभावी माध्यम हैं।
अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष कविन्द्र यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य प्रियंका कुमारी, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष राजेश गुप्ता, उप प्रमुख विमल गुप्ता, ओबीसी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष राजेश यादव, ओबीसी जिला मंत्री राजेश ठाकुर, भाजपा नेता निरंजन यादव, कुसुम्भा मुखिया कल्लू राम, बेस मुखिया दीपक यादव, पूर्व मुखिया कौलेश्वर महतो, पंसस प्रतिनिधि सुखदेव राणा, वरिष्ठ भाजपा नेता राजेन्द्र यादव , कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि सुमन राय, गणेश राणा, जाग्रनाथ साव, कुलदीप राम, गौरी प्रसाद, उमेश महतो, फुलवा कच्छप, गुडिया देवी, अलबट हंस, आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय बाँन्डु, सचिव बिरसा उराँव, प्रमेश्वर यादव, रामभजन साव, पूर्व मुखिया कामेश्वर राविदास, रवि यादव, मुकेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
