देश और दुनिया में झारखंड की बेटियों ने अपने प्रदर्शन का लोहा मनवाया: हेमंत सोरेन 

रांची: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय के सभागार में ओलंपियन हॉकी खिलाड़ी सलीमा टेटे और निक्की प्रधान को हरमू आवासीय कॉलोनी में 3750 वर्ग फीट भूखंड आवंटन का कागजात सौंपा। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दोनों स्टार हॉकी खिलाड़ियों को हरमू आवासीय कॉलोनी के प्लॉट नंबर – 10 (बी) तथा 10 (ए)  में 3750-3750 वर्ग फ़ीट भूखंड आवंटन की हस्तगत प्रतियां आवास निर्माण के लिए उन्हें प्रदान की गई। अवसर पर खिलाड़ियों के कोच, माता-पिता सहित अन्य परिजनों को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। बताया जाता है कि खिलाड़ियों को अपना आशियाना बनाने के लिए राज्य सरकार खेल नीति के तहत 35-35 लाख रुपए उपलब्ध कराएगी।

अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि आज उत्साह का दिन है। राज्य की दो होनहार हॉकी खिलाड़ी बेटियों का सम्मानित किया जा रहा है। हमारी बेटियों ने अपने हुनर और काबिलियत से सिर्फ राज्य का ही नही बल्कि पूरे देश का नाम रोशन किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले कई दशकों से झारखंड  की बेटियों ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और दुनिया में अलग पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कई ऐसे मौकों पर देखने को मिला कि राज्य के खिलाड़ियों ने देश और दुनिया में अपनी प्रतिभाओं का लोहा मनवाया है। 

 हेमन्त सोरेन ने कहा कि सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान को रांची में भूखंड देने का निर्णय हमारी सरकार का ही था। आज ये वादा हम पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने भूखंड देने के साथ-साथ यह भी घोषणा किया कि इन दोनों खिलाड़ियों को अपना आशियाना बनाने के लिए राज्य सरकार खेल नीति के तहत 35-35 लाख रुपए  उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय के साथ भले हमारी ये स्टार बेटियां आर्थिक रूप से मजबूत हुई हों, परंतु संघर्ष के दिनों में जब मैं इनके गांव-घर पहुंचा था तब इनकी आर्थिक स्थिति को देखा था, उसी समय किया गया वादा आज मैं पूरा कर रहा हूं। आज हमारी इन बेटियों को मिल रहा सम्मान राज्य के अन्य बेटियों एवं युवा वर्ग के लिए आशा और अवसर का प्रतीक बनेगा, इनसे  प्रेरित होकर राज्य के अन्य खिलाड़ी अपने हुनर और प्रदर्शन को बेहतर करने का काम करेंगे।

अवसर पर पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक राजेश कच्छप, विधायक भूषण बाड़ा, मुख्य सचिव अलका तिवारी, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, पर्यटन, कला संस्कृति खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सचिव मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!