रामगढ़: हजारीबाग लोकसभा चुनाव को लेकर सोमवार को कांकेबार स्थित सैनी रेस्टोरेंट के सभागार में इंडी अलायंस दलों की प्रेसवार्ता हुई। जिसमें हजारीबाग लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी जय प्रकाश भाई पटेल सहित स्टेट कोर्डिनेशन कमेटी सदस्य सह झामुमो के दर्जा प्राप्त मंत्री फागू बेसरा, बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद, कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर, राजद प्रदेश महासचिव रमेश प्रसाद यादव, भाकपा माले के हीरा गोप, देवकीनंदन बेदिया, झामुमो केंद्रीय सचिव राजकुमार महतो, कांग्रेस पार्टी के रामगढ़ जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान मंचासीन रहे। प्रेसवार्ता के माध्यम से नेताओं ने कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी जय प्रकाश भाई पटेल की जीत सुनिश्चित होने की बात कही।

भाजपा को भी है एहसास, अब नहीं है 2019 वाली लहर: जेपी पटेल

जय प्रकाश भाई पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री मोदी को जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया। लेकिन भ्रष्टाचार मिटाने का दावा करनेवाली भाजपा के वाशिंग मशीन में धुलकर भ्रष्टाचारी साफ हो जा रहे हैं। प्रधानमंत्री देश के संसाधनों को अपने मित्रों को बांट रहे हैं। किसानों की आय दोगुनी करने की बात कहनेवाली भाजपा के काल में सबसे ज्यादा किसानों ने खुदकुशी किया है। सीसीएल क्षेत्र में रोजगार के लिए आंदोलन कर रोड सेल शुरू कराया गया। भाजपा की सरकार में रोड सेल में अब कोयला उपलब्ध नहीं हो हो रहा है। बल्कि सीधे अडानी और अंबानी को भेजा जा रहा है। पहले और दूसरे चरण के मतदान के बाद प्रधानमंत्री और भाजपा को भी ऐहसास हो गया है कि यह 2019 की लहर नहीं है। कांग्रेस पार्टी के घोषणा पत्र पर लोगों की उम्मीद जगी है और इंडी अलायंस पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। 

केंद्र सरकार पावर का कर रही दुरुपयोग : अंबा प्रसाद 

बड़कागांव विधायक अंबा प्रसाद देश में ताकत का मिसयूज़ किया जा रहा है। लोगों का अधिकार मारा जा रहा है। क्षेत्र की ज्वलंत मुद्दों को यहां के सांसद नहीं उठाते हैं। यहां के विस्थापितों को सिर्फ गुमराह किया जाता है। लोग पानी, बिजली, आवास जैसी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहे हैं। हजारीबाग में सांसद ने काम नहीं किया जिससे उनका टिकट काटकर नये को दिया गया है। यह किसी से छिपा नहीं है। इंडी गठबंधन के प्रत्याशी जेपी पटेल किसी पहचान के मोहताज नहीं है। देश और संविधान बचाने के इंडी गठबंधन के प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित की जाएगी।

भाजपा की तानाशाही से हर वर्ग नाराज: फागू बेसरा

राज्य समन्वय समिति के सदस्य सह झामुमो केंद्रीय महासचिव
फागू बेसरा ने कहा कि 2014 से भाजपा ने जो हालात पैदा किया वह किसी से छिपा नहीं। ऐसी तानाशाह सरकार हमलोगों ने कभी नहीं देखा है। भाजपा की सरकार से किसान नाराज है, मजदूर नाराज है। हेमंत सोरेन को साजिश के तहत जेल भेज दिया गया। भाजपा की गलत पॉलिसी के कारण हजारीबाग में कई कोयला खदानें आज बंद है। विस्थापितों को उनका हक नहीं दिया जा रहा। भाजपा की सरकार में संविधान खतरे में है। इसबार हजारीबाग सहित  झारखंड के सभी 14 सीटों पर इंडिंया गठबंधन की जीत सुनिश्चित करेंगे।

जेपी पटेल संसद में बनेंगे हजारीबाग की जनता की आवाज : शहजादा अनवर

वहीं कांग्रेस प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने झारखंड आंदोलन में महती भूमिका निभानेवाले स्व. टेकलाल महतो के पुत्र जय प्रकाश भाई पटेल के रूप में योग्य उम्मदीवार दिया है। बात आकंड़ो की करें तो लोकसभा क्षेत्र के सभी पांच विधानसभा में इंडी गठबंधन बूथों पर मजबूत है। इस बार निश्चित रूप से जनता जेपी पटेल को सासद  बनाकर दिल्ली भेजने का काम करेगी। जहां वे ससद में हजारीबाग के लोगों की आवाज बनेंगे।

प्रेस कांफ्रेंस को राजद प्रदेश महासचिव रमेश प्रसाद यादव, माले नेता हीरा गोप, देवकीनंदन बेदिया, झामुमो केंद्रीय सचिव राजकुमार महतो ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन रियाज अहमद और धन्यवाद ज्ञापन रामगढ़ कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुन्ना पासवान ने किया। मौके पर राज्य आवास बोर्ड के अध्यक्ष संजय लाल पासवान, जयशंकर पाठक, शांतनु मिश्रा, बजरंग महतो, मुकेश यादव सहित अन्य मौजूद रहे। 

By Admin

error: Content is protected !!