रांंची: पुलिस मुख्यालय सभागार में पुलिस महानिदेशक झारखंड अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अंतर्राज्यीय समन्वय समिति की बैठक हुई। जिसमें सीमावर्ती राज्य छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, बिहार, और उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशकों एवं वरीय पुलिस अधिकारियों के मद्देनजर अंतर्राज्यीय समन्वय समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुए।
बैठक की शुरूआत में अपर पुलिस महानिदेशक अभियान, संजय आनन्दराव लाठकर के द्वारा सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं वीडियो कॉन्फेसिंग के द्वारा सीमावर्ती राज्यों के वरीय पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी हेतु इस बैठक के महत्व पर प्रकाश डाला गया। बैठक में पुलिस महानिदेशक झारखंड के द्वारा मुख्य रूप से खुफिया जानकारियों को स-समय सक्रिय रूप से साझा करने, नोडल पदाधिकारी की नियुक्ति करने, वामपंथी उग्रवाद परिदृश्य के आलोक में की जा रही कार्रवाई, सीमावर्ती क्षेत्रों में उत्पन्न होने वाली समस्याओं पर आपसी सहयोग, नशीले पदार्थ एवं अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी रोकथाम, सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सलियों और अपराधी तत्वों की गतिविधियों पर नकेल कसने सहित सभी स्तरों पर अंतर्राज्यीय समन्वय बैठकों के लिए तंत्र की कार्ययोजना के रूप-रेखा पर चर्चा की गई।
इस दौरान पुलिस महानिरीक्षक अभियान-सह-स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी, झारखंड ने सीमावर्ती क्षेत्र में क्रियाशील नक्सलियों की गतिविधियों, अवैध हथियार, नशीले पदार्थ, अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई हेतु स-समय आसूचना के आदान प्रदान पर जोर दिया। साथ ही झारखण्ड के सीमावर्ती राज्यों ओडिशा, छत्तीसगढ़, बिहार एवं पश्चिम बंगाल में सक्रिय नक्सली दस्तों के विरूद्ध चलाये जा रहे अभियानों में समन्वय स्थापित कर और सक्रिय अभियान चलाने पर जोर दिया।
बैठक में सभी सीमावर्ती राज्यों में स्थापित चेक पोस्ट/नाका को और अधिक कारगर करने पर चर्चा हुई तथा प्रभावी रणनीति बनायी गयी, ताकि अपराधियों एवं अवैध हथियार, नशीले पदार्थ, अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब की तस्करी पर ठोस कार्रवाई की जा सके।
वहीं मुख्यालय स्तर के साथ-साथ प्रक्षेत्रीय/क्षेत्रीय स्तर के अतिरिक्त सीमावर्ती जिलों के थाना स्तर पर भी की जा रही समन्वय बैठक को और अधिक सुदृढ़ करने हेतु आपसी सहमति बनाकर तत्काल कारगर कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
बैठक में ये पुलिस अधिकारी रहे शामिल
इस बैठक में झारखण्ड पुलिस सभागार से आर.के.मल्लिक, अपर पुलिस महानिदेशक, मुख्यालय डॉ. संजय आनन्दराव लाठकर, अपर पुलिस महानिदेशक अभियान अखिलेश झा, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक रांची (झारखण्ड सेक्टर) अमोल विनुकांत होमकर, पुलिस महानिरीक्षक अभियान-सह-स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी झारखंड प्रभात कुमार, पुलिस महानिरीक्षक विशेष शाखा असीम विक्रांत मिंज, पुलिस महानिरीक्षक अप.अनु.विभाग अनूप विरथरे, पुलिस उप-महानिरीक्षक दक्षिणी छोटानागपुर क्षेत्र इंद्रजीत महथा, पुलिस उप-महानिरीक्षकझारखंड जगुआर धनंजय कुमार सहित वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से ओडिशा पुलिस के पुलिस महानिदेशक अरूण कुमार सारंगी, निदेशक (आसूचना) एस.के. प्रियदर्शी, अपर पुलिस महानिदेशक (अभियान) एस. देवदूत सिंह एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, छत्तीसगढ पुलिस के पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, सरगुजा क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, बिहार पुलिस के अपर पुलिस महानिदेशक (मुख्यालय) जितेन्द्र सिंह गंगवार, अपर पुलिस महानिदेशक (प्रोहीविजन) सुशील एम. खोपड़े एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, पश्चिम बंगाल के अपर पुलिस महानिदेशक (विधि-सह-स्टेट पुलिस नोडल ऑफिसर) आनन्द कुमार एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, उत्तर प्रदेश, वाराणसी प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक पीयूष मोरदिया एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी, सहित झारखंड से प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक पलामू नरेन्द्र कुमार सिंह, प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक बोकारो माईकल एस. राज एवं पुलिस उप-महानिरीक्षक, हजारीबाग, कोल्हान, बोकारो तथा दुमका ने भाग लिया।
