रांची: श्री गणेश पूजा रांची महानगर जिला महासमिति के तहत विभिन्न पूजा समितियों के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें आगामी गणेश महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।

पूजा समितियों के सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष महोत्सव की तैयारियों और प्रस्तावित कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने आयोजन की रूपरेखा से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए गणेश महोत्सव-2026 के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों का सामाजिक जीवन में विशेष महत्व है। ऐसे कार्यक्रम लोगों को आपस में जोड़ते हैं और समाज में आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से एकता, सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा मिलता है।

मुलाकात के दौरान राज्यसभा सांसद महुआ माजी के अलावा नंद किशोर सिंह चंदेल, विक्रम सिंह सोनू, संदीप मुखर्जी, राहुल सिंह, विक्की वर्मा, टून्ना सिंह, लखन कुमार, विनय सिंह, सागर, शीला उरांव, कविता वर्मा, अर्चना मिर्धा, रेखा साव, नीलू सिंह, मंजुला बेरा, अमन ठाकुर, सूरजभान सिंह, साहिल, रोहन सिंह रिकी, अमित सिंह चंदेल, जीतू अरोड़ा, नरेश मक्कड़ मिशु और गुलशन नंदा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

By Admin