साहिबगंज: झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के द्वारा पांच सूत्री मांगों को लेकर प्रखंड सह अंचल कार्यालय तालझारी के प्रांगण में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। जिसकी अध्यक्षता झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार यादव एवं संचालन सामाजिक कार्यकर्ता रणधीर प्रसाद ने किया।
मौके पर झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के जिलाध्यक्ष रंजीत कुमार यादव ने कहा कि गांव के विकास में ही सभी का विकास है। ऐसे में ग्रामीणों को विकास के नाम पर सिर्फ और सिर्फ ठगा जा रहा है। जिसे झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक कभी बर्दाश्त नहीं करेगा। धरना प्रदर्शन के पश्चात पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा गया।
सौंपें गए मांग पत्र में कहा गया है कि प्रस्तावित नया स्वास्थ्य उपकेंद्र निर्माण बाकुड़ी बाजार मौजा नंबर 50/85 में निर्माण करवाया जाए जहां पंचायत सचिवालय भी है, साहिबगंज जिले में सभी पंचायतों के राजस्व गांव में कम से कम 5 मनरेगा योजना क्रियान्वयन स्वीकृत हो, पत्थर उद्योग में मजदूरों का मजदूरी का भुगतान बैंक खाता के माध्यम से हो, डीएमएफटी फंड का दुरुपयोग बंद कर उचित मद में खर्च किया जाए, बाकुड़ी बाजार के नाम पर संचालित बाकुड़ी संथाली जन्मटोला आंगनबाड़ी केंद्र को स्थानांतरित किया जाए।
धरना प्रदर्शन में मुख्य रूप से जयकांत हजरा, चंचल कुमार यादव, राजकुमार यादव, मनोज मालतो, गोलिया मालतो, विकास पहाड़िया, महेश्वर मालतो,पीवी मालतो, शकुंतला दास, सुनीता बेसरा, सुलेखा देवी सहित कई लोग मौजूद थे
