अपनी प्रतिभा पहचानो, मेहनत से सपने साकार करो : चंचला कुमारी

रामगढ़: झारखंड की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान चंचला कुमारी ने मंगलवार सुबह GEM (गर्ल्स एम्पावरमेंट मिशन) परिसर, पतरातू का दौरा किया। वर्ष 2021 में विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी चंचला ने छात्राओं से खुले मन से संवाद कर उन्हें मेहनत के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में GEM की प्रशिक्षु  बालिकाओं ने चंचला से उनके खेल जीवन, संघर्ष और सफलता के बारे में सवाल पूछे। जिसपर चंचला ने धैर्य और सहजता से हर सवाल का जवाब दिया। उन्होंने बताया कि कैसे छोटे शहर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने के लिए उन्होंने लगातार मेहनत की। उन्होंने कहा कि हर बच्चे के अंदर कोई न कोई खास प्रतिभा होती है और अपार संभावनाएं छिपी होती हैं। जरूरत सिर्फ इतनी है कि हम अपनी ताकत को पहचानें और सही दिशा में लगातार प्रयास करें। अगर आप अपने सपने के प्रति प्रतिबद्ध हैं तो दृढ़ निश्चय और मेहनत से उसे जरूर पूरा कर सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे खेल में लड़कियों के लिए रास्ता आसान नहीं है, लेकिन परिवार और खुद पर भरोसे ने उन्हें आगे बढ़ाया। उनका अनुभव सुनकर GEM की छात्राएं प्रेरित दिखीं और उन्होंने भविष्य में अपने लक्ष्यों को पाने के लिए नई ऊर्जा के साथ काम करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में स्वर्णरेखा महिला समिति की अध्यक्षा ने चंचला कुमारी का हार्दिक स्वागत किया और छात्राओं के साथ उनके प्रेरणादायी संवाद के लिए आभार जताया। उन्होंने भी छात्राओं को जीवन के हर क्षेत्र में अपना सर्वश्रेष्ठ देने और सपने साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे रोल मॉडल से मिलने का अवसर ग्रामीण और शहरी दोनों पृष्ठभूमि की लड़कियों को आगे बढ़ने और अपनी पहचान बनाने की प्रेरणा देता है।

By Admin

error: Content is protected !!