रामगढ़: बासल थाना क्षेत्र अंतर्गत सड़क पर गेगदा सियारी टोला के निकट बीती रात सड़क दुघर्टना में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सौंदा ‘डी’ पंचायत निवासी संदीप शर्मा पिता स्वर्गीय ओंकार शर्मा और राहुल कुमार पिता सिजोर गोप के रूप में हुई।

मिली जानकारी के अनुसार बीते कल संदीप शर्मा का जन्मदिन था। संदीप और उनके कई अन्य साथी अलग-अलग वाहनों पर बर्थडे सेलिब्रेट करने पतरातू के किसी रेस्टोरेंट में गए थे। जहां खाने-पीने के बाद रात में सभी घर लौट रहे थे। संदीप शर्मा अपने दोस्त राहुल की करिज्मा बाइक (JH 24 M 2730) पर सवार था। इस क्रम में पतरातू-रामगढ़ फोरलेन पर गेगदा सियारी टोला के निकट तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत से होते हुए मकान की चहारदीवारी से जा टकराई। दोनों युवक बाइक समेत जा गिरे। अंधेरा और एकांत होने से किसी को भी हादसे की भनक  नहीं लगी। देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर युवकों के परिजन परेशान हो उठे और रात भर उनकी खोजबीन की गई। हालांकि उनका कोई पता नहीं चल सका।

इधर, बुधवार की सुबह मकान के मालिक ने दुर्घटना देख इसकी जानकारी बासल थाना पुलिस को दी। वहीं मामले की जानकारी पर युवकों के परिजन और सौंदा ‘डी’ के कई स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा करते हुए शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों युवकों की दर्दनाक मौत से सौंदा ‘डी’ में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोग काफी मर्माहत है। दो युवक शादीशुदा थे। 

By Admin

error: Content is protected !!