लोहरदगा/रांची: लोहरदगा जिले के कुड़ू प्रखंड के बलसोकरा स्थित लापूर गांव में 13 से 15 नवंबर तक तीन दिवसीय इस्तेमा आयोजित होगा। आयोजन में लोहरदगा, गुमला, रांची, खूंटी और सिमडेगा से उलेमाओं और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। संभावित भीड़ को देखते हुए आयोजक पंडाल, वुज़ूखाना, साफ-सफाई, पार्किंग और आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे हैं।

इसी सिलसिले में गुरुवार, 15 अक्टूबर को बुढ़मू प्रखंड निगरानी कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने आयोजन स्थल का दौरा किया। सदस्यों ने तैयारियों का जायजा लेने के साथ आयोजकों से व्यवस्थाओं पर चर्चा की। खास तौर पर वाहनों की पार्किंग, सुरक्षित निकासी और लोगों की आवाजाही को सुगम बनाने पर जोर दिया गया। आयोजकों ने दिव्यांगों और बुजुर्गों की सहूलियत के लिए भी विशेष इंतजाम करने की बात कही।

आयोजन से जुड़े नईम खान (लापूर), हलीम अंसारी (मदरसा चौक), जावेद आलम और महबूब आलम (लापूर) तथा इम्तियाज (पंडरी) ने बताया कि कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयारियां की जा रही हैं। नईम खान के मुताबिक, झारखंड में करीब 10 से 12 वर्षों बाद इतने बड़े स्तर पर इस्तेमा होने की चर्चा है। दूर-दराज से आने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान बुढ़मू प्रखंड निगरानी कमेटी के सदर नौशाद अहमद, सेक्रेटरी गुलशाद राजा, मतवे जामा मस्जिद के इमाम अब्दुर्रहमान साहब, मंजूर अंसारी, मजीबूल अंसारी, इसराईल अंसारी, इबरार खान, शमीम दादा, केयामूद्दिन अंसारी, रहमान अंसारी और सऊद अंसारी समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। आयोजकों को उम्मीद है कि सामूहिक सहयोग से तीन दिवसीय आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न होगा।