मांडर(रांची): मंदरो पंचायत के फुटबॉल मैदान में गुरुवार को आयोजित विराट फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में सूरज ब्रदर्स रांची ने ब्लैक कमांडो रांची को पेनल्टी शूटआउट में 1-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया। टूर्नामेंट में कुल 32 टीमों ने हिस्सा लिया।

फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि शामिल मंदरो पंचायत के मुखिया सुकरा उरांव ने मैच शुरू होने से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। निर्धारित समय में मुकाबले का नतीजा नहीं निकलने पर पेनल्टी शूटआउट से विजेता का फैसला हुआ। इसमें सूरज ब्रदर्स के गोलकीपर ने निर्णायक बचाव कर टीम की जीत पर मुहर लगा दी।

पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता सूरज ब्रदर्स रांची को 20 हजार रुपये नकद, एक खस्सी और बड़ी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, उपविजेता ब्लैक कमांडो रांची को 15 हजार रुपये नकद, एक खस्सी और छोटी ट्रॉफी प्रदान की गई।

टूर्नामेंट के आयोजन में समिति के कामेश्वर शाही, संजय शाही, राहुल शाही, कपिल उरांव, महादेव उरांव, रवि शाही, जूले मिंज, जिम्मी कुजूर, अमित कुजूर, विकास महली, मलार उरांव, अनिल उरांव, सुमित मिंज, प्रसन्जीत सिंह, वकील अंसारी, सुमित सिंह और प्रदीप शाही की अहम भूमिका रही। मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय दर्शक और फुटबॉल प्रेमी मौजूद थे।

