झारखंड में परिवर्तन की चल रही लहर: दीपक प्रकाश
• मांडर में भाजपा मिलन समारोह का हुआ आयोजन
रांंची: मांडर के सोसई आश्रम में रविवार को भाजपा मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कांग्रेस के युवा नेता सन्नी टोप्पो अपने सैंकडों समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे। उन्होंने सन्नी टोप्पो सहित और उनके समर्थकों का स्वागत कर पार्टी की सदस्यता दिलाई।
प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित लोगों की भीड़ बता रही है कि झारखंड में परिवर्तन की लहर चल रही है। आदिवासी और मूलवासी विरोधी वर्तमान राज्य सरकार को एक मिनट भी सत्ता में रहने का हक नहीं है। पांच लाख युवाओं को नौकरी, नौकरी नहीं तो बेरोजगारी भत्ता जैसे मुंगेरीलाल के हसीन सपने दिखाकर सरकार सत्ता में आई।नौकरी नहीं देने पर हेमंत सोरेन ने सन्यास लेने की बात कही थी। आजतक एक भी वादा पूरा नहीं किया। मुख्यमंत्री किस तिथि को सन्यास लेंगे उन्हें बताना चाहिए।
उन्होंने कहा कि, प्रदेश जंगलराज की तरफ बढ़ रहा है। कानून व्यवस्था ठप्प है। तीन वर्ष में 4800 से अधिक बलात्कार की घटना घटी है। अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है। अवैध खनन से पूरा प्रदेश त्रस्त है। राज्य का बालू, कोयला, लोहा लूट ही लिया गया है। मांडर विधानसभा में आदिवासियों की जमीन भी लूटने का काम किया गया है। आदिवासी बेटी के राष्ट्रपति में बाधक बनने वाले लोगों को जनता कभी माफ नहीं करेगी।
मौके पर बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों से प्रेरित होकर आज युवा नेता सन्नी टोप्पो ने अपने समर्थकों के साथ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। ये युवा और ऊर्जावान नेता हैं। निश्चित रूप से उनके आने से पार्टी को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा की हेमंत सोरेन की सरकार ने झारखंड को बर्बाद करके छोड़ दिया है। हेमंत सरकार अपनी और अपने लोगों की तिजोरी भरने में व्यस्त है। राज्य अराजकता की राह पर है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। खनिज संपदाओं की लूट खसोट में पूरी सरकार प्रत्यक्ष अप्रत्यक्ष रूप से जुटी है। आम जनता त्राहिमाम कर रही है। हेमंत सरकार से लोग नाउम्मीद हो चुके हैं। लोग भाजपा की तरफ आशा भरी निगाहों से देख रहे हैं। यह जनता को गुमराह करने वाली सरकार है। इस सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी।
वहीं पार्टी ज्वाइन करने वाले सन्नी टोप्पो ने कहा कि मांडर की जनता जागरुक हो चुकी है। अब किसी के बहकावे में आने वाली नहीं है। जनता को विकास चाहिए। जो नरेंद्र मोदी सरकार और उनके नेतृत्व में ही पूरा हो सकता है। 2024 में नरेंद्र मोदी को पुनः पीएम बनाना है और लूट खसोट में लिप्त वर्तमान झारखंड सरकार को भी उखाड़ फेंकने का काम यहां की जनता करेगी।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, सांसद सुदर्शन भगत, प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी राहुल अवस्थी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य रमेश सिंह, ग्रामीण जिला प्रभारी विनोद सिंह, ग्रामीण जिला के अध्यक्ष सुरेंद्र महतो, महामंत्री प्रीतम साहू, करमा उरांव, विनय सिंह सहित प्रदेश एवं जिला के प्रमुख नेतागण के अलावा हजारों की संख्या में लोग उपस्थित थे।