निरोगी भवः योजना की दी गई जानकारी
रांची: ओरमांझी प्रखण्ड के चकला पंचायत के डरदाग गांव में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अवसर पर डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा, सदस्य एलएडीसी सौरभ पाण्डेय, पीएलवी आशीष बैठा, किरण कुमारी, रामजीत महतो, दीपक गंझू, शिला तिग्गा, संतोष कुमार, जगमोहन मुंडा, चालक राजा वर्मा समेत अन्य लोग उपस्थित थे।
डिप्टी एलएडीसी राजेश कुमार सिन्हा ने उपस्थित लोगों को झालसा द्वारा संचालित योजना निरोगी भवः के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट निरोगी भव: मुख्य रूप से झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा राज्य के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने, भूख को कम करने और कुपोषण से बचाने के उद्देश्य से शुरू किया गया एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी प्रोजेक्ट है। इस योजना का प्राथमिक लक्ष्य समाज के सबसे कमजोर, गरीब और वंचित वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना है, ताकि पैसों की कमी के कारण कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे।
एलएडीसी सदस्य सौरभ कुमार पाण्डेय ने इस योजना के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इसके तहत चिन्हित लाभार्थियों को सूचीबद्ध सरकारी और निजी अस्पतालों में पूरी तरह से कैशलेस और मुफ्त इलाज की सुविधा प्रदान की जाती है। इस प्रोजेक्ट के तहत अस्पताल में भर्ती होने से लेकर दवाइयों, डायग्नोस्टिक्स, डॉक्टर की फीस और आईसीयू तक के खर्च शामिल हैं।
मौके पर ग्रामीणों को निःशुल्क कानूनी सहायता जिला विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के प्रावधानों और प्री-लिटिगेशन, लोक अदालत, राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में जानकारी दी गयी। साथ ही उपस्थित पीएलवी के कार्यों के बारे में ग्रामीणों विस्तार से को बताया गया ।
