शिक्षक की भूमिका में नजर आए उपायुक्त, कहा- शिक्षा से ही सच होंगे सपने

रामगढ़: उपायुक्त ऋतुराज ने बुधवार को दुलमी प्रखंड के उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय चटाक का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उपायुक्त खुद ‘क्लास टीचर’ की भूमिका में नजर आए और ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को पढ़ाया। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा से ही हर सपना सच होता है, इसलिए लक्ष्य तय कर पढ़ाई पर फोकस करें।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आगामी परीक्षाओं को देखते हुए प्राचार्य और सभी विषय शिक्षकों को सभी कक्षाओं का सिलेबस समय पर पूरा करने का सख्त निर्देश दिया, ताकि रिवीजन के लिए बच्चों को पर्याप्त समय मिल सके। उन्होंने बच्चों से पाठ्य पुस्तकें, छात्रवृत्ति, पोशाक और साइकिल की राशि मिलने के संबंध में जानकारी ली और कहा कि सरकार की किसी भी कल्याणकारी योजना से कोई भी पात्र छात्र वंचित नहीं रहना चाहिए।

उपायुक्त ने आईसीटी लैब पहुंचकर कंप्यूटरों की कार्यशीलता जांची और छात्रों से प्रैक्टिकल करवाकर उनकी दक्षता परखी। इसके बाद उन्होंने मिड-डे मील की रसोई की साफ-सफाई देखी और निर्धारित मेनू अनुसार पौष्टिक भोजन देने का निर्देश दिया। विद्यालय के खेल मैदान की स्थिति देखते हुए उसे जल्द अपग्रेड कर सुव्यवस्थित करने को कहा। साथ ही नोटिस बोर्ड, शिक्षक उपस्थिति पंजी व अन्य अभिलेखों का अवलोकन कर विद्यालय में अनुशासन व साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

इस दौरान प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रवींद्र कुमार गुप्ता, बीडीओ अमित कुमार, सीओ किशोरी यादव समेत जिला स्तर के अन्य पदाधिकारी व विद्यालय के शिक्षक उपस्थित थे।

By Admin

error: Content is protected !!