तीन दिवसीय आयोजन का विधायक रोशन लाल चौधरी ने किया शुभारंभ 

24 घंटे के अखंड कीर्तन से वातावरण हुआ भक्तिमय 

रामगढ़: भुरकुंडा में नलकारी तट पर गुरुवार को पहली बार श्री श्री अखंड महा कीर्तन सह मकर संक्रांति मेले का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ बतौर मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दीप प्रज्जवलित कर और फीता काटकर किया। अवसर पर मौके पर भाजपा भुरकुंडा मंडल अध्यक्ष सह मुखिया अजय पासवान, जिप उपाध्यक्ष मनोज राम, भाजपा नेता योगेश दांगी, सांसद प्रतिनिधि राकेश सिन्हा, विजय सिंह, देवकरण यादव सहित अन्य शामिल रहे। इसके उपरांत आयोजन समिति के अध्यक्ष सह संयोजक प्रह्लाद पांडेय ने अंगवस्त्र और पुष्प गुच्छ देकर विधायक रोशन लाल चौधरी को सम्मानित किया। तीन दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष सह संयोजक पहलाद पांडेय, गुड्डू पांडेय, सुनील कुमार, राहुल आनंद, सतीश ठाकुर, अमन चौहान, आकाश पांडेय, संतोष कुमार, अजीत कुमार, गणेश महली, प्रेम रंजन दुबे, विकाश सोनी सहित अन्य योगदान दे रहे हैं।

धर्म और संस्कृति के प्रति बढ़ता है लोगों का रुझान : रोशन लाल चौधरी 

कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में रोशन लाल चौधरी ने कहा कि यह क्षेत्र धार्मिक अनुष्ठान का केंद्र है। यहां भव्य रूप से छठ महापर्व मनाया जाता है और यहां यज्ञ का भी आयोजन होता रहा है। मकर संक्रान्ति के अवसर पर मेला और अखंड कीर्तन के लिए आयोजन समिति धन्यवाद की पात्र है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजनों में हम हमेशा आप सभी के साथ खड़े हैं। ऐसे आयोजन से धर्म और संस्कृति के प्रति लोगों का रूझान बढ़ता है।

हरि कीर्तन से भावविभोर हुए श्रद्धालु, मेले ने बढ़ाया उत्साह 

मेला के उद्घाटन के उपरांत 24 घंटे का अखंड महा कीर्तन की शुरुआत की गई। इस दौरान हरे रामा, हरे रामा, राम-राम हरे-हरे, हरे कृष्णा, हरे कृष्णा, कृष्णा-कृष्णा हरे-हरे की गूंज से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। पोचरा से पहुंची महिला कीर्तन मंडली ने विभिन्न धुनों पर कीर्तन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। मेला में बच्चों के लिए नाव झूला, मिक्की माउस, जंपिंग जैक सहित अन्य झूले लगाए गए हैं। वहीं खेल-खिलौने, खाने-पीने समेत कई प्रकार की दुकानें भी सजी हैं। छठ मईया मंदिर, नलकारी पुल और मेला स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है। इसके अलावा नलकारी नदी में भगवान शिव और नंदी की प्रतिमा सजाई गई है, जो आकर्षण का केंद्र हैं। परिजनों और सगे-संबंधियों के साथ मेला पहुंचे लोग यहां सेल्फी लेते और परिजनों के साथ तस्वीर खिंचाते दिखे। बताते चलें कि नलकारी तट पर पहली बार मकर संक्रांति मेले का आयोजन किया गया है। जिससे स्थानीय लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। कल 16 जनवरी को कीर्तन संपन्न होगा। जबकि 17 जनवरी को भव्य भंडारे का आयोजन किया जाएगा। 

 

 

By Admin

error: Content is protected !!