शहर में निकली कलश यात्रा
रामगढ़। क्षेत्र के प्रसिद्ध माता वैष्णों देवी मंदिर का 32वां वार्षिकोत्सव का शुभारंभ गुरुवार को गाजे-बाजे के साथ निकाली गई कलश यात्रा से हुआ। इस दौरान पूरा शहर जय माता दी के उद्घोष से गूंजता रहा।
कलश यात्रा में काफी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं लाल चुनरी ओढ़े सिर पर कलश लेकर चल रही थी। शहर भ्रमण के बाद स्थानीय चट्टी बाजार स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर से जल उठाया। कलश यात्रा में सुसज्जित वाहन पर माता का विशाल चित्र रखा गया था। इसके पीछे स्थानीय कलाकार भजन गाते हुए चल रहे थे। कलश यात्रा में शामिल महिलाएं और श्रद्धालु माता का जयकारा लगाते हुए चल रहे थे। नगर भ्रमण के दौरान शिवाजी रोड स्थित गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी के सदस्यों ने कलश यात्रा का स्वागत किया। इसके अलावे अन्य कई समाजसेवी संस्थाओं ने कलश यात्रा का स्वागत किया व फल प्रसाद का भोग माता रानी को लगाया। कलश यात्रा के आगे शतचंडी यज्ञ के मुख्य यजमान सुमित मारवाह व उनकी पत्नी जया मारवाह साथ-साथ चल रहे थे।
इस अवसर पर मंदिर की संचालक संस्था पंजाबी हिन्दू बिरादरी व माता वैष्णों देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव, महासचिव महेश मारवाह, उपाध्यक्ष मनजीत साहनी, सहसचिव हेमेंद्र सौंधी, कोषाध्यक्ष सुशील खोसला, रमण मेहरा, विश्वनाथ अरोड़ा, सुभाष चन्द्र मारवाह, नरेश चन्द्र मारवाह, जेके शर्मा, सुरेन्द्र सोबती, राजीव चड्डा, ओमकार मल्होत्रा, महेन्द्र पाल मारवाह, अजीत अग्रवाल, वेद आनंद, पप्पू सोबती, मनीष मारवाह, विशाल वासुदेव, राजा मारवाह सहित बिरादरी के सभी सदस्यों के अलावे श्रद्धालु शामिल थे।