प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारियों में जुटें कार्यकर्ता: बाबूलाल मरांडी
रांची: झारखंड राज्य स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड के दो दिवसीय दौरे को लेकर सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में बैठक हुई। जिसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने की। बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि 15 नवंबर झारखंड के लिए स्वर्णिम दिवस है। यह धरती आबा बिरसा मुंडा का जन्मदिन है, यह राज्य स्थापना दिवस है और साथ ही यह जनजातीय गौरव दिवस भी है। राज्य के जनजातीय समाज के भाई-बहनों के साथ प्रधानमंत्री यह दिवस मनाने आ रहे हैं, यह राज्यवासियों के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए जुट जाने का आव्हान किया।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने बताया कि कि प्रधानमंत्री सरकारी दौरे पर रांची खूंटी और उलिहातु आ रहे हैं। लेकिन पार्टी के कार्यकर्ताओं के द्वारा भी उनका भव्य किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक कुल 10 स्थानों पर कार्यकर्ताओं के द्वारा स्वागत किए जायेंगे।
बैठक में क्षेत्रीय संगठन महामंत्री नागेंद्र त्रिपाठी, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सांसद दीपक प्रकाश, प्रदेश महामंत्री सह सांसद आदित्य साहू, डॉ. प्रदीप वर्मा, बालमुकुंद सहाय, सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल, समरी लाल सहित रांची महानगर और रांची ग्रामीण जिला में निवास करने वाले प्रदेश पदाधिकारी, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, जिला पदाधिकारी, जिला और मंडलों के अध्यक्ष, महामंत्री, सभी मोर्चा के अध्यक्ष और महामंत्री शामिल रहे।