2024 के लोकसभा चुनाव में एनडीए को मिलेंगी 400 से ज्यादा सीटें : चिराग
रामगढ़: लोक जनशक्ति पार्टी (रामबिलास) के केंद्रीय अध्यक्ष सह जमुई सांसद चिराग पासवान शनिवार को प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा पहुंचे। जहां उन्हें मां छिन्नमस्तिका का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। साथ ही नौ ग्रहों की शांति को लेकर हवन में आहुति भी दी। वहीं मंदिर में नारियल की बलि देते हुए उन्होंने देशवासियों की सुख और समृद्धि की कामना की।
इसके उपरांत सांसद चिराग पासवान ने पत्रकारों से कहा कि मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में भाजपा की प्रचंड जीत यह साबित करती है कि भाजपा पर लोगों को भरोसा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा में भी एनडीए प्रचंड बहुमत के साथ जीत दर्ज करेगी। 2024 के लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीटें एनडीए के खाते में आएंगी।
वहीं कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों पर चल रही आईटी रेट को लेकर के चिराग पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसी भी भ्रष्टाचारी को छोड़ नहीं जाएगा। जो भ्रष्टाचार करेंगे उन पर कार्रवाई जरूर होगी।
इधर रजरप्पा आगमन पर लोजपा नेता एवं कार्यकर्ताओं ने चिराग का जोरदार स्वागत किया। मौके पर झारखण्ड प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान, रामगढ़ जिलाध्यक्ष केवल पासवान सहित कई नेता और कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।